
दो दिवसीय अंतर्दलीय नाट्य प्रतिस्पर्धा का समापन
रायपुर। राजकुमार कॉलेज में दो दिनों से चल रही नाट्य प्रतिस्पर्धा में हिंदी के चार नाटकों के मंचन के साथ स्पर्धा संपन्न हुई। आर्य दल ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर प्रतिष्ठित खैरागढ़ ट्राफी पर कब्ज़ा कर लिया। इस प्रतियोगिता में संस्था के विद्यार्थियों के चार दल- आर्य, बिक्रम, राजपूत और राणा दल भाग लेते हैं और अपनी अभिनय कला के जौहर दिखाते हैं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस अंग्रेज़ी के सुप्रसिद्ध कथाकार ओ. हेनरी की कहानियों का नाट्य रूपांतर कर चार नाटक मंचित किए गए और दूसरे दिन सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर हिंदी के मूर्धन्य साहित्यकारों की कृतियों को मंचन के लिए चुना गया। अंग्रेज़ी के 4 एवं हिंदी के 4 नाटकों में कुल मिलाकर 235 विद्यार्थियों ने विभिन्न पात्रों के माध्यम से अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया । शहर की वरिष्ठ रंगकर्मी सुश्री ममता अहारके साथ श्री किशोर वैभव अभय एवं श्री प्रीतेश पांडे ने निर्णायक मण्डल की भूमिका अदा की। समापन दिवस का अंतिम नाटक आर्य दल ने खेला। डॉ. सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कृति लड़ाई पर आधारित इस नाटक में समाज में भ्रष्टाचार के दंश झेलते आम आदमी की विभिन्न दशाओं का बखूबी चित्रण किया गया। इस नाटक के पात्रों ने अपने शानदार अभिनय से यह भी पूरे मोनोयोग से दर्शाया कि सत्य परेशान हो सकता है, पर…पराजित नहीं। दिव्यराज शुक्ला, तन्मय जैन, तनीष अग्रवाल, अंजनेय पालीवाल, विधिआहुजा, यशवर्धन सिंह आदि के अभिनय को विशेष प्रतिसाद मिला।
चारों दलों के नाटकों के मंचन के पश्चात् प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा संस्था के प्राचार्य ले. क. अविनाश सिंह ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में सभी विद्यार्थियों की अभिनय कला की सराहना की एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों में मंच पर प्रस्तुती देने की कला के विकास के लिए सदा प्रयत्नशील रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक,प्रबंध कारिणी समिति केसम्माननीय पदाधिकारीव सदस्य राजा के. एस. बी पटनायक,अठगढ़, युवराज बी. के. पाल एवं पुष्पेन्द्र चन्द्र देब सहित ,अभिभावक गण, अध्यापक गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंतर्दलीय नाट्य प्रतियोगिता वर्ष 2022 के परिणाम
हिंदी नाटक वर्ग –
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (हिंदी) : दिव्यराज शुक्ला एवं तनीष अग्रवाल (आर्य दल)
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता (हिंदी) : धैर्य बक्शी (राजपूत)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (हिंदी) : सानिया खान (राणा)
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री (हिंदी) : विधि आहूजा (आर्य)
सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार (हिंदी) : बेबी संयुक्ता सिंह (बिक्रम)
अंग्रेज़ी नाटक वर्ग –
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (अंग्रेज़ी ) : पुष्पेन्द्र कोर्राम (राणा)
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता (अंग्रेज़ी) : शाश्वत नथानी (बिक्रम)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (अंग्रेज़ी) : लाईशा एन. जेकॉब
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री (अंग्रेज़ी) : अभिश्री नेताम (राणा) एवं कनक नंदिनी सिंह (राजपूत)
सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार (अंग्रेज़ी) :अधृत सिंह तोमर (राणा)
सभी नाटकों के मंचन के पश्चात् दलवार स्थिति इस प्रकार रही :-
1. प्रथम स्थान – आर्य दल
2. द्वितीय स्थान – राणा दल
3. तृतीय स्थान – बिक्रम दल
4. चतुर्थ स्थान – राजपूत दल