सतना। जिले में आज मौसम ने जमकर कहर बरपाया। आफत की बारिश और गरज चमक ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। बदेरा थाना क्षेत्र में तेज बारिश के समय आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से लटागांव महौदा रोड पर रोड किनारे खड़े लटागांव निवासी मुकेश कोल पिता गुल्ला कोल 28 वर्ष निवासी लटागांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा व्यक्ति राम सजीवन कोल पिता श्याम लाल कोल 30 साल घायल है। जिसका इलाज सिविल अस्पताल मैहर में जारी है। दोनों निवासी लटागांव के हैं।
ऐसे बिगड़ा मौसम : बीते दो दिनों से सतना में सुबह-सुबह घना कोहरा छा रहा है लेकिन मंगलवार सुबह पूरे विंध्य सहित सतना का भी मौसम बिगड़ गया। वहीं सुबह 11 बजते-बजते आसमान में घने बादल छा गए और गरज चमक के साथ झमाझम बारिश होने लगी। जिले में इससे अमरपाटन सहित कई खरीदी केंद्र पर खुले में रखा धान भी भीग गया।
दिन में छाया अंधेरा : मौसम बिगड़ने से पूर्व सतना में सुबह घना कोहरा था लेकिन जैसे-जैसे सुबह होती गई आसमान में बादल छाते गए। सुबह 11 बजे तक इतने घने बादल आसमान में छा गए कि दिन में रात जैसा नजारा देखने मिला। लोगों के घरों और दुकानों में लाइटें जल गई। वाहन चालकों को भी अपने वाहनों की लाइट जलाकर निकलना पड़ा।
एक बारिश में भरा सड़कों में पानी : सतना शहर के बाजारों में बरसाती पानी के निकासी की व्यवस्था ने एक बार फिर पोल खोल कर रख दी है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था कथनी और करनी एक बारिश ने दिखा दी। यहां शहर के बाजार में नालियों से पानी ओवरफ्लो हो गया और सड़कों में भर गया। शहर के जयस्तंभ चौक से भैसाखाना रोड में पानी भरा रहा।
रात का तापमान बढ़ा, दिन का घटा : मौसम विभाग के अनुसार सतना का न्यूनतम तापमान भी बढ़ा है। मंगलवार सुबह 8.30 बजे प्राप्त हुई मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जबकि दिन में बारिश और मौसम बिगड़ने दिन का तापमान भी तेजी से लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार आसमान से बादल छंटते ही एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ेगी।