T20 WORLD CUP 2026 : Will the biggest cricket match take place on February 15?
रायपुर डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच के बहिष्कार पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर अपनी सरकार से सलाह लेने जा रहा है। यह कदम तब उठा है जब श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने औपचारिक रूप से अपील कर इस फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा है।
पाकिस्तान सरकार ने टीम को टूर्नामेंट खेलने की मंजूरी दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने पर रोक लगा दी है। यह वही मुकाबला है जिसे ICC और ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे ज्यादा कमाई वाला मैच माना जाता है।
श्रीलंका क्रिकेट को डर है कि अगर भारत-पाक मैच नहीं हुआ तो टिकट बिक्री, हॉस्पिटैलिटी और स्पॉन्सरशिप से होने वाली बड़ी कमाई पर असर पड़ेगा। चूंकि भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं, इसलिए SLC ने PCB को ईमेल भेजकर आर्थिक नुकसान और टूर्नामेंट की छवि पर पड़ने वाले असर का हवाला दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, SLC अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने सीधे PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी से संपर्क कर इस मैच को कराने की अहमियत बताई है। नक़वी ने भरोसा दिलाया है कि वह इस मसले को पाकिस्तान सरकार के सामने रखेंगे। मीडिया में आई उन खबरों को भी गलत बताया गया है, जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तान ने श्रीलंका की अपील ठुकरा दी है।
बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर सोमवार तक अंतिम फैसला आ सकता है। अब सबकी नजर इस पर है कि क्या पाकिस्तान सरकार अपना रुख बदलेगी या टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मुकाबला अधर में ही रहेगा।

