CG BREAKING : Allegations of corruption in Swami Atmanand recruitment
रायपुर। नगर पंचायत कुकुरकुरी के अध्यक्ष विनय शील ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में हुई संविदा भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्र में भर्ती में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पारदर्शी तरीके से दोबारा साक्षात्कार कराकर मेरिट सूची जारी करने की मांग की गई है।
पत्र के मुताबिक, जशपुर जिले में भर्ती के दौरान साक्षात्कार में 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए। आरोप है कि यदि कोई अभ्यर्थी मेरिट में ऊपर होने के बावजूद इंटरव्यू में फेल हो जाता है तो उसे अपात्र कर दिया जाता है, जिससे पक्षपात की आशंका बढ़ती है।

14 जनवरी 2026 को जारी एक अन्य पत्र के हवाले से यह भी कहा गया है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार/कौशल परीक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। विज्ञापन में 25 अंकों के साक्षात्कार का उल्लेख था, जबकि प्रक्रिया में 15 अंक साक्षात्कार और 10 अंक लिखित परीक्षा बताए गए। आरोप है कि कई स्थानों पर लिखित परीक्षा ही नहीं कराई गई।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि साक्षात्कार पैनल के गठन और माध्यम चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले पर शासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

