CG RICE MILL ACCIDENT : 3 workers dead, case filed against operator
सूरजपुर। औद्योगिक क्षेत्र नैनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के राइस मिल में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन मजदूरों की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने मिल संचालक संदीप अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि 13 दिसंबर को राइस मिल परिसर में बोरी में चावल भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान मिल के अंदर बनी कमजोर और जर्जर पार्टीशन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से वेद सिंह, भोजसाय और चुनगढ़ी निवासी विपुल राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। प्रशासनिक जांच में सामने आया कि मजदूरों को किसी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। साथ ही जर्जर दीवार के पास काम कराया जा रहा था, जिससे जोखिम बढ़ गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मिल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी अन्य जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

