SOUTH AFRICA BAR SHOOTING : Firing in Pretoria bar, 11 killed, 3-year-old child also victim
जोहान्सबर्ग/प्रिटोरिया। दक्षिण अफ्रीका में बढ़ते अपराधों के बीच एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। प्रिटोरिया के सॉल्सविले इलाके में शनिवार देर रात एक अवैध बार में अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। भीड़भाड़ और तेज़ संगीत का फायदा उठाकर हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक तीन साल का मासूम बच्चा भी शामिल है, जो अपने माता-पिता के साथ वहां आया था।
हमलावरों ने भीड़ को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, इस हमले में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने सीधे भीड़ पर निशाना साधा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबार बार के अंदर हुई या बाहर, लेकिन घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
अवैध बार, गैंगवार और बढ़ता अपराध
दक्षिण अफ्रीका में हत्याओं की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा मानी जाती है। यहां औसतन 60 हत्याएं रोजाना होती हैं। अवैध बारों में अक्सर गैंगवार, हथियारों की तस्करी और अवैध शराब की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी तरह के इलाकों में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।
इलाके में मातम, पुलिस पर बढ़ा दबाव
इस हत्याकांड में तीन साल के बच्चे की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया है। कई परिवार इस हमले के बाद तबाह हो गए हैं। पुलिस ने कहा है कि संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

