TRAIN TIME TABLE CHANGE : Timings of 63 trains of Bilaspur zone changed in the new year.
रायपुर, 1 जनवरी 2026। नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए नई समय-सारणी लागू कर दी है। 1 जनवरी 2026 से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है। नई समय-सारणी के तहत कुल 63 ट्रेनों के समय में 5 मिनट से लेकर 25 मिनट तक का आंशिक परिवर्तन किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस संशोधन में अप और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस ट्रेनें और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि यह बदलाव सभी स्टेशनों पर लागू नहीं होगा। कुछ चयनित स्टेशनों पर ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है, जबकि अन्य स्टेशनों पर पुरानी समय-सारणी ही प्रभावी रहेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि हर वर्ष रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण के चलते समय-सारणी में बदलाव किया जाता है। नई रेल लाइनों का निर्माण, दोहरीकरण, सिग्नल सिस्टम का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड रिमॉडलिंग जैसे कार्यों से ट्रेनों की औसत गति बढ़ती है, जिसके अनुसार परिचालन समय में संशोधन जरूरी हो जाता है।
रेलवे के मुताबिक 2026 की नई समय-सारणी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। इससे कई सेक्शनों पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल यात्रा समय में 10 से 25 मिनट तक की बचत होगी। वहीं पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में भी 5 से 20 मिनट तक की कमी आने की संभावना जताई गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेनों के अद्यतन समय की जानकारी ले सकते हैं।

