Trending Nowशहर एवं राज्य

वित्तीय हालात बताते मंत्री के वीडियो पर बवाल

रायपुर। सरकार की वित्तीय हालात पर कर्मचारियों के एक समूह से बातचीत करते स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के एक वीडियो के वायरल होने पर बवाल मचा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित लगभग सभी बड़े भाजपा नेताओं ने यह वीडियो साझा कर सरकार पर हमला बोला है। इधर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का कहना है, संबंधित बातचीत में शब्दों के चयन में उनसे त्रुटि हुई है। इसके लिए वे खेद व्यक्त करते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार को अधिक खर्च करने में केंद्र सरकार का आर्थिक असहयोग बाधा बना हुआ है।

दरअसल महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता बढ़ाने की मांग लेकर हड़ताल पर गए कर्मचारियों का एक समूह सरगुजा में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मिलने पहुंचा था। उन्होंने उनसे आंदोलन के लिए समर्थन मांगा। स्वास्थ्य मंत्री ने उनको समझाने के लिए कहा, मैं आप लोगों की तरफ से ही बोल रहा हूं। सरकार की तरफ से नहीं बोल रहा है। पैसा हो तब तो देंगे। जो आप कह रहे हैं वह मैं बिल्कुल समझ रहा हूं, लेकिन पैसा नहीं है। ईमानदारी की बात है। आप लोगों की बातचीत में सुन रहा था कि आपका पांच-छह हजार करोड़ रुपये बन रहा है तो सरकार की पांच-छह हजार करोड़ रुपए देने की औकात ही नहीं है। जितना आपको दे रही है उतना तो दे रही है न सरकार। 40 हजार करोड़ तो मिल रहा है आपको। अब आप कह रहे हो कि पांच हजार करोड़ और चाहिए तो आज के दिन उसकी स्थिति नहीं है। सिंहदेव ने यह भी कहा, अभी नियमितिकरण करना है। उसमें भी खर्चा आएगा। आप लोगों के लिए अभी और काम भी तो करना है। स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताली कर्मचारियों से कहा, उनकी मांग को वे सीएम को दे देंगे। इस पूरी बातचीत को किसी ने विडियो पर रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया।

भाजपा ने सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाया

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस वीडियो काे साझा करते हुए लिखा, कांग्रेस सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री खुद कह रहे हैं, सरकार के पास पैसे देने की औकात नहीं है! भूपेश बघेल जी के कुप्रबंधन ने छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबोकर दिवालिया कर दिया है। न वेतन देने के पैसे हैंए न ही घोषणा पत्र के वादे पूरे करने के। बाद में लगभग सभी प्रमुख भाजपा नेताओं ने इस वीडियो के साथ सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाया।

सिंहदेव ने कहा – केंद्र के आर्थिक असहयोग से ऐसी स्थिति

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लिखा, शब्दों के चयन में मुझसे बड़ी त्रुटि हुई है, जिसपर मैं खेद व्यक्त करता हूं। मगर छत्तीसगढ़ सरकार को और अधिक खर्च करने में केंद्र सरकार का आर्थिक असहयोग बाधा बना हुआ है। आज केंद्र के पास छग की जनता के 20 हजार करोड़ से अधिक राशि लंबित है, कृपया प्रदेशवासियों के हक में इसके लिए आप भी सहयोग करें।

cookies_advt2024_08
advt_001_Aug2024
july_2024_advt0001
Share This: