Rs 75 lakh cash recovered from Activa, interrogation of youth continues
रायपुर: होली के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान आजाद चौक थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्टिवा सवार युवक के कब्जे से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस को युवक के पास से नोटों से भरा एक थैला मिला, जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जानकारी के मुताबिक, चौक-चौराहों पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति एक्टिवा में भारी मात्रा में नगदी लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर समता कॉलोनी स्थित एमसीपी प्वाइंट पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 04 NJ 8956 को रोका गया।
तलाशी लेने पर एक्टिवा में रखे थैले से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम की गिनती करने पर कुल 75 लाख रुपये पाए गए। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक नगदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही किसी प्रकार का वैध दस्तावेज दिखा सका। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और नगदी के स्रोत व गंतव्य की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

