रायपुर। रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने अडानी पावर प्लांट, रायखेड़ा (तिल्दा) में स्थानीय मजदूरों की हड़ताल के मुद्दे पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को अल्टीमेटम दिया है।
कांग्रेस का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन स्थानीय मजदूरों की जायज मांगों की अनदेखी करते हुए बाहरी प्रदेशों से मजदूर लाकर संचालन कर रहा है। यह स्थानीय रोजगार के अवसरों के हनन और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के साथ अन्याय बताया गया।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि यदि प्रशासन और कंपनी द्वारा मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई और बाहरी मजदूर प्लांट में लाने का सिलसिला जारी रहा, तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्लांट के चारों ओर बैरिकेड्स लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, वरिष्ठ नेता गिरीश देवांगन, अनीता शर्मा, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, ऊधो वर्मा और जयंत साहू की मौजूदगी में सौंपा गया।

