RAIPUR NAGAR NIGAM : भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय – सांसद अग्रवाल व विधायक मूणत
![](https://khabarchalisa.com/wp-content/uploads/2025/02/WhatsApp-Image-2025-02-11-at-9.2-750x400.jpg)
RAIPUR NAGAR NIGAM: BJP’s historic victory certain – MP Aggarwal and MLA Moonat
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और रायपुर नगर निगम चुनाव के संयोजक बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक व चुनाव सह-संयोजक राजेश मूणत ने नगरीय निकाय चुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान करने के लिए राजधानीवासियों का आभार व्यक्त किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मंगलवार को हुए मतदान ने यह साफ कर दिया है कि रायपुर नगर निगम में 15 वर्षों का कांग्रेस शासन समाप्त हो चुका है और भाजपा शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। उन्होंने रायपुर दक्षिण के उपचुनाव की तरह ही नगर निगम चुनाव में भी भाजपा की भारी जीत का भरोसा जताया।
“मोदी की गारंटी” पर जनता ने जताया भरोसा
सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक राजेश मूणत ने कहा कि राजधानी के मतदाताओं में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। यह उत्साह भाजपा के “अटल विश्वास पत्र” में किए गए संकल्पों और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर जनता की मुहर है।
भाजपा नेताओं ने विश्वास दिलाया कि रायपुर में भाजपा की सरकार बनते ही पार्टी अपने संकल्प पत्र के हर वादे को पूरी ईमानदारी से निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता राजधानी को संवारने और भाजपा के सुशासन के संकल्प की मजबूत बुनियाद साबित होगी।
“भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता का जनादेश”
भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही थी, जिसका असर रायपुर में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और माफियाराज का बोलबाला था, जिससे जनता अब मुक्ति चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस के महापौरों, अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों की विदाई तय हो चुकी है। मतदाताओं का जोश इस बात का संकेत है कि जनता ने कांग्रेस के कुशासन, लूट और अराजकता को खारिज कर भाजपा के पक्ष में जनादेश दे दिया है।
15 फरवरी को होगी ऐतिहासिक जीत की घोषणा
सांसद अग्रवाल और विधायक मूणत ने कहा कि 15 फरवरी को आधिकारिक परिणाम आते ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि रायपुर की जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम में भाजपा का परचम लहराएगा और रायपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मजबूत सरकार बनेगी।