CG HOSTEL VIDEO : Girls whitewashed! Hostel video goes viral
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले में कन्या छात्रावास की छात्राओं से रंगाई-पुताई कराए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें लड़कियां खुद ही दीवारों पर पेंट करती और छज्जे की सफाई करती दिख रही हैं। मामला लैलूंगा ब्लॉक के कोड़सिया स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का है।
जानकारी के मुताबिक, इस छात्रावास में करीब 40-45 छात्राएं रहती हैं, जो 6वीं से 10वीं तक की पढ़ाई कर रही हैं। बताया जा रहा है कि हर साल रख-रखाव के लिए 25 हजार रुपये की राशि मिलती है। इस बार रंगाई-पुताई का काम चल रहा था, लेकिन वायरल वीडियो में छात्राएं खुद ही बाल्टी में रंग घोलते और दीवारों पर पोताई करते नजर आ रही हैं। कुछ छात्राएं छज्जे पर चढ़कर जमी गंदगी भी साफ करती दिखीं।
वीडियो में कोई कर्मचारी या अधिकारी नजर नहीं आ रहा। दावा है कि किसी छात्रा ने ही यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला खुलकर सामने आया।
हॉस्टल वार्डन पूर्णिमा चौहान का कहना है कि मजदूरों से काम कराया गया था, लेकिन किचन का थोड़ा काम बाकी रह गया था। उनकी गैरमौजूदगी में प्यून ने बच्चों से काम करा लिया। वार्डन ने इसे अपनी जानकारी के बिना हुआ बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर कार्यालय (आदिवासी विकास शाखा) ने 3 सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जिसमें धर्मेन्द्र सिंह बैस, धनेश्वरी सिदार और उमेश पटेल शामिल हैं। समिति 28 फरवरी 2026 को छात्रावास पहुंचकर जांच करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी।
अब सवाल यह है कि जब रख-रखाव के लिए बजट आता है तो छात्राओं से पुताई और सफाई क्यों कराई गई?

