रायपुर। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में 8 और 9 नवंबर को नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि देशभर से लगभग 115 प्रोफेशनल राइडर्स इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आ रहे हैं, जिनकी टीमें 7 नवंबर तक रायपुर पहुंच जाएंगी।
वहीं छत्तीसगढ़ से भी करीब 50 राइडर्स पाटन स्थित ट्रैक पर तैयारी कर रहे हैं। इनमें से सर्वश्रेष्ठ राइडर्स का चयन कर उन्हें मुख्य स्पर्धा में भेजा जाएगा। इस प्रतियोगिता की थीम ‘सेफ रेसिंग–सेफ राइडिंग–सेफ ड्राइविंग’ रखी गई है, ताकि युवाओं में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

