देश दुनियाTrending Now

Myanmar Earthquake: म्यांमार की मदद के लिए भारत ने शुरू किया ऑपरेशन ब्रह्मा, दो नौसैनिक जहाज भेजे

Myanmar Earthquake: नई दिल्ली। भारत ने म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के लिए ‘ऑपरेशन ब्रह्म’ के तहत दो नौसैनिक जहाज भेजे हैं। इसके अलावा, एक फील्ड हॉस्पिटल को भी शनिवार को एयरलिफ्ट किया जाएगा। विदेश मंत्रालय (MEA) ने यह जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस मानवीय सहायता अभियान के तहत दो और भारतीय नौसैनिक जहाज जल्द ही म्यांमार के लिए रवाना किए जाएंगे। इसके अलावा, एक फील्ड हॉस्पिटल भी विमान के जरिए भेजा जा रहा है, जिसमें 118 सदस्यीय चिकित्सा दल शामिल होगा। यह दल आगरा से शनिवार को म्यांमार के लिए प्रस्थान करेगा।

NDRF की टीम भी राहत कार्यों में जुटी

‘ऑपरेशन ब्रह्म’ के तहत राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी तैनात किया जा रहा है। यह टीम भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए आधुनिक उपकरणों से लैस है, जिनमें मजबूत कंक्रीट कटर, ड्रिल मशीनें, हथौड़े और प्लाज्मा कटिंग मशीनें शामिल हैं।

अगले 24-48 घंटे महत्वपूर्ण: NDRF अधिकारी

गाजियाबाद स्थित 8वीं NDRF बटालियन के कमांडेंट पीके तिवारी इस शहरी खोज और बचाव (USAR) टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। NDRF के उप महानिरीक्षक (ऑपरेशंस) मोहसिन शहेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि अगले 24 से 48 घंटे राहत कार्यों के लिए बेहद अहम होंगे। इस दौरान टीम को सक्रिय रूप से राहत कार्यों में जुटना होगा, जिससे अधिकतम लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
यह भी पढ़ें: म्यांमार में भूकंप से तबाही, पीएम मोदी बोले- करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में साथ खड़ा भारत

 

Share This: