दुर्ग: दुर्ग जिले में फिर एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है। रानीतराई गांव में गुरुवार सुबह एक मां ने अपनी दो दिन की मासूम बच्ची को हनुमान मंदिर के बाहर छोड़ दिया।
सुबह कुछ लड़के टहलने निकले थे। उन्होंने मंदिर के पास रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो एक बच्ची कपड़ों में लिपटी ठंड से कांप रही थी। लड़कों ने तुरंत गांव वालों को बताया और बच्ची को ठंड से बचाने की कोशिश की। आसपास पूछने पर भी बच्ची के मां-बाप का कुछ पता नहीं चला।
फिर गांव वालों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने बच्ची को ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने चेकअप किया और बताया कि बच्ची ठीक है।पुलिस अब आसपास के गांवों में बच्ची के मां-बाप को ढूंढ रही है। इस घटना से लोग बहुत दुखी हैं और गुस्से में भी हैं।
