CG ROAD ACCIDENT : Ambulance rams into parked truck, two women killed
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इलाज के बाद मरीज को ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास की है। जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज और अन्य लोगों को लेकर ओडिशा जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे जा टकराई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है।


