MAHADEV APP CG : Swabhiman Manch issues ultimatum to Governor on Mahadev App!
रायपुर. रायपुर में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंच के केंद्रीय अध्यक्ष पूरनलाल साहू के नेतृत्व में संगठन ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर महादेव समेत सभी ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग ऐप्स को पूरी तरह बंद कराने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच की स्थापना पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता स्वर्गीय ताराचंद साहू ने की थी। संगठन का कहना है कि महादेव ऐप ने प्रदेश के युवाओं और मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है और यह सिर्फ सट्टेबाजी नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है।
पूरनलाल साहू ने कहा कि महादेव बैटिंग ऐप की शुरुआत 2018 में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने की थी, जिसका संचालन दुबई से किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस नेटवर्क के जरिए रोजाना करोड़ों रुपए का अवैध कारोबार और हवाला लेनदेन होता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई फिल्मी हस्तियां और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी जांच एजेंसियों के दायरे में आ चुके हैं।
CG UCC BILL: RSS के इंद्रेश कुमार ने कहा, UCC किसी धर्म के खिलाफ नहीं!
संगठन ने राज्यपाल से मांग की है कि महादेव ऐप और उसके सभी नए डोमेन, लिंक और क्लोन प्लेटफॉर्म्स को तत्काल ब्लॉक किया जाए। साथ ही स्थानीय प्रमोटरों, गुर्गों और हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और युवाओं को ऑनलाइन सट्टेबाजी के नुकसान से जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच ने साफ चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष पूरनलाल साहू, प्रदेश संयोजक विजय कुमार, प्रदेश महासचिव रविशंकर साहू, प्रदेश प्रवक्ता प्रफुल्ल ताम्रकार, डॉ. विजय देवांगन, राजकुमार जोशी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
