ATTACK ON RAHUL GANDHI : राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए खतरा – किरण रिजिजू
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति” करार दिया। रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का संपर्क भारत-विरोधी ताकतों से है और वे देश-विदेश में नक्सलियों, उग्रवादियों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं।
रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस का काम अब केवल संसद में हंगामा करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह कहती है कि उसे बोलने नहीं दिया जाता, लेकिन जैसे ही राहुल गांधी सदन में आते हैं, बैनर, नारेबाजी और हंगामा शुरू हो जाता है, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित होती है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भी कई मुद्दों पर विरोध करती है, लेकिन उनके साथ संवाद संभव है। रिजिजू के मुताबिक सरकार तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम जैसे दलों के साथ मिलकर काम कर सकती है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी के व्यवहार के कारण छोटी विपक्षी पार्टियों और सांसदों को अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता।
स्पीकर के खिलाफ प्रदर्शन पर टिप्पणी
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए नो-कॉन्फिडेंस मोशन और विरोध प्रदर्शन को लेकर भी रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्पीकर का दायित्व सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाना, सरकारी कामकाज आगे बढ़ाना और विपक्ष को बोलने का अवसर देना है।
रिजिजू ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों का स्पीकर के चैंबर में घुसकर प्रदर्शन करना संसदीय परंपराओं और मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में ओम बिरला ने संयम और नरमी दिखाई।
रिजिजू ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि पूर्व लोकसभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी इस पद पर होते, तो ऐसे आचरण पर संबंधित सांसदों को निलंबित कर दिया जाता।

