CG VIRAL VIDEO : Filmy stunt on NH-30, video of couple goes viral
कांकेर, 8 फरवरी 2026। नेशनल हाईवे-30 पर बाइक सवार एक कपल का खतरनाक स्टंट करते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बाइक चला रहा है, जबकि युवती उसके सामने बैठकर फिल्मी अंदाज़ में रोमांटिक हरकत करती दिखाई दे रही है। दोनों ने न तो सुरक्षा का ध्यान रखा और न ही यातायात नियमों की परवाह की।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कांकेर जिले के NH-30 का है, जहां भारी वाहनों और तेज रफ्तार ट्रैफिक की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त हाईवे पर इस तरह का स्टंट न केवल कपल की जान जोखिम में डालता है, बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
गौरतलब है कि NH-30 पर हाल के महीनों में सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। कई मामलों में जानें जा चुकी हैं, इसके बावजूद लापरवाही के ऐसे दृश्य सामने आना चिंता बढ़ा रहे हैं।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर बाइक सवार की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पहचान होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। नियमों के अनुसार, इस तरह खतरनाक तरीके से वाहन चलाना और सड़क पर स्टंट करना दंडनीय अपराध है।

