JAY SHAH SECOND TERM : Jay Shah again gets the command of ICC!
नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में एक बार फिर जय शाह का दबदबा कायम हुआ है। उन्हें लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन चुन लिया गया है। बाली में हुई ICC बोर्ड और कमेटी की बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया। खास बात यह है कि जय शाह को निर्विरोध इस पद के लिए दोबारा चुना गया है।
बोर्ड ने जताया भरोसा
ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक, ICC डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध नियुक्त किया गया है। इस फैसले को उनकी नेतृत्व क्षमता पर बोर्ड के भरोसे और क्रिकेट के भविष्य की योजनाओं में निरंतरता के तौर पर देखा जा रहा है।
ICC ने अपने बयान में ग्लोबल एक्सपेंशन, क्रिकेट के बढ़ते फैनबेस और खेल के व्यावसायिक विकास को आने वाले समय की अहम प्राथमिकताएं बताया है।
सबसे कम उम्र में संभाली थी जिम्मेदारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह पहली बार 2024 में ICC चेयरमैन बने थे। उन्होंने ग्रेग बार्कले की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय वह ICC के सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे।
दोबारा चुने जाने पर क्या बोले जय शाह?
दूसरी बार चुने जाने पर जय शाह ने ICC बोर्ड और निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अब उनके सामने क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और इसके भविष्य को मजबूत करने की चुनौती होगी।


