MURDER BREAKING : AAP leader Lucky Oberoi murdered in broad daylight
जालंधर। पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेराय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद लोग दहशत में आ गए।
पुलिस के मुताबिक, लक्की ओबेराय गुरुद्वारे के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे, तभी दोपहिया वाहन पर सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ओबेराय को पांच गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया गया। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि लक्की ओबेराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि वह चुनाव हार गई थीं। ओबेराय कैंट क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

