INDIA RUSSIA : Putin returns from India tour, makes big statement on Afghanistan
रायपुर/नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत दौरा पूरा कर स्वदेश लौट गए। इस यात्रा में भारत-रूस संबंधों को नई गति मिली और दोनों देशों के बीच आतंकवाद, आर्थिक सहयोग, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और रणनीतिक साझेदारी पर कई अहम समझौते हुए। रवाना होने से पहले पुतिन ने पाकिस्तान को अप्रत्यक्ष संदेश देते हुए अफगानिस्तान पर बड़ा बयान दिया।
अफगानिस्तान पर पुतिन का बड़ा बयान, पाकिस्तान को अप्रत्यक्ष संदेश
पुतिन ने कहा कि तालिबान सरकार आतंकवाद से लड़ने में “सक्रिय और प्रभावी” कदम उठा रही है तथा अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास कर रही है। यही कारण है कि रूस ने तालिबान शासन को औपचारिक मान्यता दी है।
उन्होंने कहा, “दुनिया के हर देश को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, अफगानिस्तान भी उन्हीं में से एक है। लेकिन मौजूदा सरकार ने हालात को काफी हद तक संभाला है, आपको इसे स्वीकार करना होगा क्योंकि यह सच्चाई है।”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान लगातार तालिबान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगा रहा है और दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है।
भारत में पुतिन ने किया Russian TV ‘RT India’ का लॉन्च
भारत में अपने सरकारी चैनल RT इंडिया के शुभारंभ पर पुतिन ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था और क्षमताएं पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई हैं, लेकिन दोनों देशों की मित्रता आज भी उतनी ही गहरी है।
पुतिन ने कहा कि RT इंडिया का उद्देश्य “स्वच्छ और सच्ची सूचना” उपलब्ध कराना है, न कि रूसी संस्कृति या सरकारी रुख का प्रचार करना।
उन्होंने कुछ देशों द्वारा RT पर लगाए गए प्रतिबंधों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “ये कदम तकनीकी कारणों से नहीं, बल्कि इसलिए उठाए जाते हैं क्योंकि कुछ लोग सच्चाई से डरते हैं।”
राज कपूर का किया ज़िक्र, सांस्कृतिक रिश्तों की याद दिलाई
अपने संबोधन के दौरान पुतिन ने भारत-रूस सांस्कृतिक संबंधों को याद करते हुए राज कपूर का नाम लिया। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा – “राज कपूर के दौर से बहुत कुछ बदल गया है, लेकिन मुझे व्लादिमीर वायसोस्की के लिखे गीत की पंक्तियाँ याद आ गईं, पहले योगी एक साल उपवास करते थे… अब वे सब कुछ खाते-पीते हैं।”
भारत-रूस संबंधों में नई ऊर्जा
पुतिन के इस दौरे में भारत-रूस ने सुरक्षा, रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग पर अपने रिश्तों को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया। भारत ने राष्ट्रपति पुतिन को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। इसके अलावा रूस ने भारतीयों को फ्री ई-टूरिस्ट वीजा देने की घोषणा की, जिससे पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
