NATIONAL DATA : 2,834 civil service posts vacant in the country, IAS has the highest shortage
नई दिल्ली। राज्यसभा में पेश आधिकारिक आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि देश की प्रमुख सिविल सेवाओं में कुल 2,834 पद खाली हैं। 1 जनवरी 2025 की स्थिति के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 1,300, भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में 505 और भारतीय विदेश सेवा (IFS) में 1,029 पद रिक्त हैं।
संसद में दिए गए जवाब के मुताबिक, IAS के 6,877 स्वीकृत पदों में से 5,577 अधिकारी कार्यरत हैं। IPS में 5,099 स्वीकृत पदों में 4,594 और IFS में 3,193 स्वीकृत पदों में 2,164 अधिकारी सेवा में हैं। आंकड़े बताते हैं कि शीर्ष प्रशासनिक ढांचे में अधिकारियों की कमी बनी हुई है।
राज्यवार स्थिति पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश में IAS के 652 और IPS के 541 स्वीकृत पद हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं। कार्यरत अधिकारियों की संख्या भी यूपी में ही सर्वाधिक है—571 IAS और 510 IPS अधिकारी। IFS के मामले में मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 296 स्वीकृत पद हैं, जबकि 209 अधिकारी वर्तमान में कार्यरत हैं।
जातीय आधार पर सीधे भर्ती (CSE 2020 से 2024) के आंकड़ों के अनुसार IAS में 245 OBC, 135 SC और 67 ST अधिकारी नियुक्त हुए। IPS में 255 OBC, 141 SC और 71 ST तथा IFS में 231 OBC, 95 SC और 48 ST अधिकारियों की नियुक्ति हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच रिक्त पदों को भरना सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। रिक्तियों की अधिक संख्या का असर नीतियों के क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता पर पड़ सकता है।

