Hyderabad School Controversy: Uproar over making a Hindu student recite the Kalma!
HYDERABAD SCHOOL CONTROVERSY: हैदराबाद के सैदाबाद स्थित सक्सेस स्कूल में दूसरी क्लास के छात्र को कथित तौर पर कलमा और सूरह अल-फातिहा याद करने का होमवर्क दिए जाने के मामले ने बवाल मचा दिया है.
छात्र के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. विवाद बढ़ने पर स्कूल ने संबंधित शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया है जबकि इस घटना ने स्कूलों में धार्मिक शिक्षा और अभिभावकों की सहमति को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
छात्र के माता-पिता के अनुसार दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला उनका बेटा स्कूल से घर लौटने के बाद उन्हें बताया कि उसे होमवर्क में कलमा और सूरह अल-फातिहा याद करने के लिए दिया गया है.
बच्चे की बात सुनने के बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से इस फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
छात्र के माता-पिता का कहना है कि बिना परिवार की अनुमति के किसी दूसरे धर्म की धार्मिक प्रार्थनाएं याद करने और सुनाने के लिए कहना उचित नहीं है
.उनका आरोप है कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.परिजनों का कहना है कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए लेकिन किसी भी छात्र को उसकी या उसके परिवार की सहमति के बिना किसी अन्य धर्म की धार्मिक सामग्री पढ़ने या याद करने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए.
घटना को लेकर विवाद बढ़ने और शिकायत दर्ज होने के बाद सक्सेस स्कूल ने संबंधित शिक्षिका को सेवा से हटा दिया है.
फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है.पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
वहीं इस घटना ने स्कूलों में धार्मिक गतिविधियों, छात्रों के अधिकारों और अभिभावकों की सहमति जैसे मुद्दों पर नई चर्चा शुरू कर दी है.अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है.
