Trending Nowशहर एवं राज्य

FEEDBACK ON BUDGET 2023 : छत्तीसगढ़ के व्यापारियों ने दी बजट पर प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा .. कितना अच्छा कितना बुरा ?

FEEDBACK ON BUDGET 2023: The traders of Chhattisgarh gave their response on the budget, know what they said.. how good, how bad?

रायपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में आम बजट 2023-24 पेश किया। यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट था। ऐसे में निर्मला सीतारमण ने टैक्स कटौती समेत तमाम बडे ऐलान किए। अब 7 लाख रुपए तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके साथ ही बजट को लेकर प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। इसमें छत्‍तीसगढ़ के उद्योग व कारोबार जगत के विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी है।

छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष अमर पारवानी ने कहा, आम बजट को पूरी तरह से संतुलित बजट कहा जा सकता है। इसमें विभिन्न प्रकार के कैपिटल निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है। पुराने वाहनों को बदलने के साथ ही रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास पर भी ध्यान है। साथ ही कृषि क्षेत्र के लिए लाभदायक योजनाएं लाई गई है। सबसे बड़ी राहत के रूप में आम लोगों के लिए आयकर में सात लाख की छूट है। इसे एक बड़ी राहत कहा जा सकता है। साथ ही एमएसएमई के लिए पूंजी लौटाने की योजना भी काफी फायदेमंद साबित होगी। आम बजट में सभी वर्गों को संतुष्ट करने की कोशिश की गई है।

विकासपरक बजट है, सभी के लिए फायदेमंद

फाडा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीषराज सिंघानिया ने कहा, बजट हर तरह से लोकलुभावन है, क्योंकि इससे आटो की बिक्री को चारों तरफ बढ़ावा मिलेगा। इंफ्रा खर्च में 10 लाख करोड़ रुपये का पूंजी परिव्यय निश्चित रूप से सीवी बिक्री में मदद करेगा, राज्य सरकारों की सहायता से सभी पुराने सरकारी वाहनों को स्क्रैप करने का लक्ष्य सभी सेगमेंट की बिक्री को बढ़ावा देगा। इसके अलावा, अलग-अलग टैक्स स्लैब में कमी से बीमार एंट्री लेवल दोपहिया और पर्सनल वाहन सेगमेंट को फायदा होगा।

बजट में रखा सभी वर्गों का ध्यान

आयकर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन तारवानी ने कहा, आम बजट में सात लाख तक आयकर में छूट देकर मध्यम वर्ग से लेकर बड़े-बड़े पूंजीपतियों का भी ध्यान रखा गया है। काफी समय से इसकी मांग भी की जा रही थी। आयकर में छूट देने के साथ ही कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर व औद्योगिक सेक्टर के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। कुल मिलाकर इसे कहा जा सकता है कि आम बजट देश के आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ाने वाला होगा। आम बजट से आटोमोबाइल, रियल इस्टेट सहित सभी सेक्टरों का विकास होगा।

देश में आर्थिक विकास की रफ्तार और बढ़ेगी

छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नचरानी ने कहा, आम बजट देश की आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ाने वाला होगा। विशेषकर इसमें आयकर की छूट सात लाख तक देना वाकई आम लोगों के साथ ही व्यावसायिक सेक्टरों के लिए फायदेमंद होगा। इसके साथ ही छोटे व लघु उद्योगों और कृषि क्षेत्र की रफ्तार बढ़ाने के लिए भी बहुत से प्रविधान किए गए है। बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।

रियल इस्टेट में आएगा बूम

छत्तीसगढ़ क्रेडाई के अध्यक्ष मृणाल गोलछा ने कहा, आम बजट में सबसे बड़ी राहत के रूप में सात लाख तक आयकर में छूट दी गई है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र, आटोमोबाइल, एमएसएमई सेक्टर सभी पर ध्यान दिया गया है। इन राहतों से बाजार में पैसा आएगा और सभी सेक्टरों का विकास होगा। रियल इस्टेट सेक्टर की रफ्तार भी इससे बढ़ेगी।

कृषि सहित सभी क्षेत्रों के लिए लाभदायक

इंदिरा गांधी कृषि विवि प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष जीके दास ने कहा, आम बजट में आयकर में छूट देकर आम लोगों के साथ ही व्यावसायिक व नौकरीपेशा को भी बड़ी राहत दी गई है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में एग्री स्टार्टअप खोलने कीयोजना, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करने व एग्री स्टोरेज के निर्माण का प्रविधान कृषि क्षेत्र को बढ़ाने वाला साबित होगा। आज कृषि क्षेत्र में डिजिटलीकरण आवश्यक है। इससे डाटा रिकार्डिंग के साथ ही किसानों के बारे में पूरी जानकारी रखी जा सकेगी। कृषि स्टोरेज खोलने से प्राकृतिक आपदा से फसलों को होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है। साथ ही इस क्षेत्र में नए-नए रोजगार व आय भी बढ़ेगी।

मुफ्त अन्न योजना से राइस मिल को होगा फायदा

कैट प्रदेश प्रभारी अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा, आम बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। इसमें बहुत सी योजनाएं काफी अच्छी है। मुफ्त अन्न योजना अगले एक वर्ष तक बढ़ाया जाना राइस मिल कारोबार के लिए राहत भरा है। इसके साथ ही इसमें निवेश व इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी फोकस किया गया है।

 

 

 

 

 

 

feb__04
feb__03
feb__01
feb__02
jan23_01
jan23_02
dec 2
Dec
jan_advt02
jan_advt03
Share This:
%d bloggers like this: