ED RAID BREAKING : Dulquer-Prithviraj’s premises raided in luxury car smuggling case
कोच्चि, 8 अक्टूबर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भूटान से भारत में लक्जरी वाहनों की कथित तस्करी से जुड़े हालिया सीमा शुल्क मामले की जांच के तहत बुधवार को केरल के कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने मशहूर अभिनेताओं पृथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान और अमित चक्कलकल समेत कई हाई-प्रोफाइल लोगों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड, मलप्पुरम, कोट्टायम और कोयंबटूर में कुल 17 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान कई ऑटो वर्कशॉप, व्यापारियों और लक्जरी वाहन मालिकों के ठिकानों की भी तलाशी ली गई।
यह छापेमारी विदेशी मुद्रा विनिमय प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क भारत-भूटान और नेपाल मार्गों से लैंड क्रूजर, डिफेंडर और मासेराती जैसी महंगी गाड़ियों की अवैध तस्करी और फर्जी पंजीकरण से जुड़ा है।
अधिकारियों का कहना है कि कोयंबटूर स्थित एक गिरोह भारतीय सेना, अमेरिकी दूतावास और विदेश मंत्रालय से जारी होने वाले दस्तावेजों की फर्जी प्रतियां बनाकर गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन करवा रहा था। बाद में ये वाहन अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के फर्जी आरटीओ पंजीकरण से चलाए जा रहे थे।
ईडी को संदेह है कि इन गाड़ियों को बाद में फिल्मी हस्तियों और हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNIs) को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेचा गया। फिलहाल, एजेंसी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर आगे की जांच में जुटी है।

