DUBAI GOLD DISCOUNT : Gold stuck in Dubai! Selling cheaply…
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध का असर अब गोल्ड मार्केट पर भी दिखने लगा है। खबर है कि दुबई में सोने की कई खेप फंस गई हैं, जिसकी वजह से व्यापारी अब सोना सस्ते में बेचने को मजबूर हो गए हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण संयुक्त अरब अमीरात का हवाई क्षेत्र बंद हो गया है। इसके चलते सोने के कई शिपमेंट दुबई में अटक गए हैं और समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
इसी वजह से दुबई के व्यापारी फंसे हुए स्टॉक को निकालने के लिए अंतरराष्ट्रीय कीमत से कम दाम पर सोना बेच रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोने पर करीब 30 डॉलर प्रति औंस यानी लगभग 900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की छूट दी जा रही है।
दरअसल, लगातार बढ़ते स्टोरेज और लॉजिस्टिक खर्च से बचने के लिए व्यापारी जल्द से जल्द स्टॉक खाली करना चाहते हैं। वहीं खरीदार भी नए शिपमेंट का ऑर्डर देने में हिचक रहे हैं क्योंकि डिलीवरी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
दुबई को दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ट्रेड हब में गिना जाता है। यहां स्विट्जरलैंड, ब्रिटेन और अफ्रीकी देशों से सोना आता है और फिर एशियाई बाजारों में भेजा जाता है। लेकिन ईरान से जुड़े तनाव के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से सप्लाई चेन प्रभावित हो गई है।
भारत पर फिलहाल इसका बड़ा असर नहीं दिख रहा है क्योंकि देश में अभी सोने का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो आने वाले महीनों में असर दिख सकता है।
इस समय भारत में सोने की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर के आसपास है। MCX के अनुसार 10 ग्राम सोना करीब 1.62 लाख रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है, जबकि चांदी की कीमत 2.68 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच चुकी है।

