Trending Nowशहर एवं राज्य

YAMUNA FLOOD ALERT : दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा गहराया – अगले 48 घंटे अहम

YAMUNA FLOOD ALERT : Yamuna water level rises in Delhi, flood threat deepens – next 48 hours are important

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि बुधवार रात 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 207.40 मीटर तक पहुंच सकता है, जो खतरे के निशान के बेहद करीब है।

फिलहाल हथिनी कुंड, वजीराबाद और ओखला बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार शाम तक यमुना का स्तर 206.22 मीटर था, जो बुधवार सुबह 5 बजे तक बढ़कर 206.74 मीटर हो गया। अधिकारियों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम होंगे।

निचले इलाकों में बढ़ी मुश्किलें

बढ़ते जलस्तर के कारण मयूर विहार फेज-1, यमुना बाजार और नजफगढ़ के झरोड़ा कलां समेत कई कॉलोनियों में पानी घुस गया है। झरोड़ा कलां में मंगलवार को 10 से ज्यादा लोग पानी में फंस गए थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस और बचाव दलों ने सुरक्षित निकाला। प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है।

सरकार और प्रशासन अलर्ट पर

दिल्ली सरकार ने यमुना किनारे रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। राहत-बचाव टीमें नावों के जरिए लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने आईटीओ बैराज का दौरा किया और भरोसा दिलाया कि “दिल्ली में 2023 जैसे हालात नहीं बनने दिए जाएंगे।”

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

पिछले 24 घंटे में उत्तर भारत के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश हुई है, जिससे यमुना में पानी का प्रवाह तेज हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

 

 

 

Share This: