CONGRESS FOUNDATION DAY : Congress celebrates its 140th foundation day, Kharge attacks Modi government
नई दिल्ली। आज कांग्रेस अपने 140वें स्थापना दिवस का जश्न मना रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांग्रेस के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। ध्वजारोहण समारोह में संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं, जल-जंगल-जमीन पर संकट है और इन्हें बचाने की जरूरत है। खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं और जन अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने मनरेगा को नष्ट करने और पूंजीपतियों के लिए कानून बनाने के मामले में बीजेपी की नीतियों को देशहित के खिलाफ बताया।
खरगे ने कांग्रेस के इतिहास और योगदान को याद करते हुए कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में UPA सरकार ने RTI, RTE, खाद्य सुरक्षा, MGNREGA, वन अधिकार और भूमि अधिग्रहण जैसे कानून बनाकर जनता के अधिकारों की सुरक्षा की। उन्होंने महात्मा गांधी, दादाभाई नौरोजी, सरोजिनी नायडू, सरदार पटेल, नेहरू, मौलाना आजाद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को याद किया।
खरगे ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले 11 साल में सरकार ने कांग्रेस द्वारा बनाई गई संस्थाओं को कमजोर किया, जनता के अधिकारों को छीना और जल-जंगल-जमीन को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार फर्जी आंकड़ों के सहारे काम कर रही है और पूंजीपतियों के लिए कानून बना रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पार्टी उस भारत के लिए काम करती रहेगी, जिसका सपना गांधी ने देखा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झंडा और महात्मा गांधी के नेतृत्व में गरीब और किसान हमेशा संघर्ष करते रहे हैं।
