CHHATTISGARH TOURISM 2055 : Choice Holidays receives “Best Tour Operator” Award…
रायपुर, 29 सितंबर 2025। सेंट्रल इंडिया की अग्रणी ट्रैवल कंपनी चॉइस हॉलीडेज़ को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस 2025’ में “बेस्ट टूर ऑपरेटर” पुरस्कार से नवाज़ा गया। यह सम्मान विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर मायरा कन्वेंशन एंड रिसॉर्ट में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार चॉइस हॉलीडेज़ के निदेशक रितेश मूंदड़ा को कंपनी के पर्यटन विकास, यात्रियों को उच्च स्तरीय सेवाएं देने और छत्तीसगढ़ राज्य की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर को बढ़ावा देने में योगदान के लिए दिया गया।
विश्व पर्यटन दिवस 2025 की थीम
इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम रही – ‘टूरिज्म एंड सस्टेनेबल ट्रांसफॉर्मेशन’, जिसका उद्देश्य पर्यटन को आनंद और मनोरंजन के साथ-साथ पर्यावरण एवं समाज के लिए भी जिम्मेदार बनाना है। चॉइस हॉलीडेज़ ने इस थीम के अनुरूप पर्यटन जागरूकता और सतत विकास की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।
रितेश मूंदड़ा ने जताया आभार
पुरस्कार प्राप्त करने पर रितेश मूंदड़ा ने कहा “छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘बेस्ट टूर ऑपरेटर’ के रूप में मान्यता मिलना हमारे लिए गर्व की बात है। यह सम्मान हमारी पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हम न केवल यात्रियों को यादगार अनुभव देना चाहते हैं बल्कि कम्यूनिटी और पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदारी निभाना हमारी प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम में शामिल रहे विशिष्टजन
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव (IAS) और पर्यटन मंडल के प्रबंध निदेशक विवेक आचार्य (IFS) भी मौजूद रहे।

