Trending Nowशहर एवं राज्य

74 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

रायपुर। कोरिया जिले में झुमका जल महोत्सव में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर यहां 500 एकड़ क्षेत्र में फैले झुमका जलाशय की शिकारा बोट पर बैठकर बोटिंग की। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य की संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने झुमका तथा घुनघुट्टा जलाशय को पर्यटन क्षेत्र बनाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कोरिया में भी नालंदा परिसर बनाने की घोषणा की। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक भइया लाल राजवाड़े भी मौजूद रहे। झुमका जल महोत्सव में नागरिकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका जलाशय को देखकर मैंने अधिकारियों से पूछा कि क्या यह मानव निर्मित है अथवा प्राकृतिक। अधिकारियों ने बताया कि यह प्राकृतिक है। मुझे महसूस हुआ कि हमारे पुरखों ने तालाबों के रूप में कितनी सुंदर धरोहर हमें सौंपी है। इतना विशाल जलाशय उन्होंने निर्मित किया है इससे बड़े क्षेत्र में सिंचाई भी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पुराणों में भी तालाब निर्माण को पुण्य का कार्य माना गया है। छत्तीसगढ़ में हजारों की संख्या में हमारे पुरखों ने तालाब बनवाये हैं। आज कोरिया जिले में जिस तरह से झुमका जल महोत्सव का आयोजन किया गया है वो जलसंरक्षण की हमारी पुरखों की परंपरा को बढ़ाने का सुंदर उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरिया प्राकृतिक रूप से बेहद सुंदर है और पर्यटन संभावनाओं को निखारने से यहां लोग बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने के बाद आज आपके जिले में मेरा पहला आगमन हुआ है। आप सभी ने प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी पर भरोसा करके हमारी सरकार बनाई है, इसके लिए आप सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। छत्तीसगढ़ के लोग बहुत अच्छे हैं इसलिए कहा गया है- छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं यहां आया हूँ तो माताओं-बहनों के लिए खुशखबरी भी लाया हूँ, बुधवार (31 जनवरी 2024) को हमने कैबिनेट की बैठक में महतारी वंदन योजना के संबंध में निर्णय लिया। इसके अंतर्गत विवाहित माताओं-बहनों के खाते में जल्द ही 12000 रुपए प्रतिवर्ष आएगा। आप सभी के लिए दूसरी खुशखबरी है कि अब तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जाएगा। तीसरी खुशखबरी है कि आज यहां करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपुजन हुआ है इसके लिए आप सभी को बधाई देता हूँ। मोदी जी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में हम सब लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमने सरकार बनने के दूसरे दिन ही 14 दिसंबर 2023 की कैबिनेट की बैठक में 18 लाख से अधिक आवासहीन परिवारों को मकान की स्वीकृति दी। पीएससी 2021 की शिकायतों के संबंध में जांच हमने सीबीआई को सौंप दी है। किसानों के आग्रह पर हमने धान खरीदी का समय चार दिन अतिरिक्त बढ़ाकर 4 फरवरी तक कर दिया है। हमने धान खरीदी के लिए 48 घंटे में भुगतान करने की व्यवस्था की है, हम धान खरीदी की अंतर की राशि का भुगतान भी जल्द करेंगे। हम सबका सौभाग्य है कि 22 जनवरी को रामलला भी आ गए हैं। हम जल्द ही अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना शुरू कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी को जब रामजी अपनी जन्मभूमि अयोध्या में विराजमान हुए, पूरे देश ने उसका उत्सव मनाया, आज अयोध्या पर्यटन उद्योग का हब बन गया, लाखों लोगों के जीविकोपार्जन का आधार बन गया। आज झुमका महोत्सव भी लोगों के लिए एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है, यह आने वाले समय में रोजगार, पर्यटन और मनोरंजन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन कोरिया द्वारा मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम का छायाचित्र एवं झुमका महोत्सव का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। सेजल अग्रहरी ने मुख्यमंत्री को उनकी पेंटिंग भेंट की।

advt----
advt--0005-april
advt--0007-april
advt-april2025-001
Share This: