Chhattisgarh Naxal Surrender: 11 Hardcore Naxals Surrender; Bounties Worth Crores on Their Heads
Chhattisgarh Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद से सटे ओडिशा इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है । पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी जिला में कुल 11 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों ने ओडिशा के डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया के सामने हथियार डालते हुए मुख्यधारा में लौटने की घोषणा की.
नक्सलियों ने किया सरेंडर
सरेंडर करने वाले 11 नक्सलियों में 7 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं. ये सभी लंबे समय से वंशधारा-नागावली डिवीजन में सक्रिय बताए जा रहे थे. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार ये नक्सली अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ संगठन में काम कर रहे थे और कई गतिविधियों में शामिल रहे हैं.
हथियारों के साथ लौटे मुख्यधारा में
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपने हथियार भी जमा किए. इनमें AK-47, SLR, INSAS, 12 बोर और सिंगल शॉट जैसे हथियार शामिल हैं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस सरेंडर से सीमा क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.
31 मार्च 2026 तक का लक्ष्य
बता दें कि केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने देश में नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की है. लगातार चल रहे ऑपरेशन, आत्मसमर्पण और पुनर्वास योजनाओं के कारण कई नक्सली संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में ऐसे और भी सरेंडर देखने को मिल सकते हैं.

