CG EXPORT CRISIS : War impacts CG exports at a standstill
रायपुर। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर अब छत्तीसगढ़ पर दिखने लगा है। राज्य का करीब 20 हजार करोड़ रुपए का निर्यात कारोबार संकट में आ गया है और हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।
सबसे बड़ा झटका चावल कारोबार को लगा है। दुबई और अमेरिका भेजा जाने वाला प्रीमियम चावल अब बंदरगाहों और राइस मिलों में ही अटका पड़ा है। वजह साफ है खाड़ी देशों की ओर जाने वाले समुद्री रूट पूरी तरह ब्लॉक हो चुके हैं।
फरवरी के आखिरी हफ्ते से शुरू हुई ये परेशानी अब अप्रैल तक और गहरी हो गई है। राइस मिलर्स और व्यापारी दोनों परेशान हैं, क्योंकि महंगा चावल बिक नहीं रहा और स्टॉक बढ़ता जा रहा है।
हालांकि अफ्रीका की तरफ से थोड़ी राहत जरूर है, वहां एक्सपोर्ट जारी है, लेकिन छत्तीसगढ़ का बड़ा बाजार खाड़ी देश ही हैं, जहां फिलहाल पूरी तरह ब्रेक लग चुका है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के एक्सपोर्ट में सबसे बड़ा हिस्सा चावल का है। इसके अलावा एल्युमिनियम, आयरन-स्टील और दूसरी धातुएं भी बाहर भेजी जाती हैं। लेकिन मौजूदा हालात ने पूरे व्यापार को अनिश्चितता में डाल दिया है।
विशेषज्ञ साफ कह रहे हैं कि जब तक अंतरराष्ट्रीय तनाव कम नहीं होगा, तब तक हालात सुधरना मुश्किल है। अगर ये स्थिति लंबी चली तो इसका सीधा नुकसान किसानों से लेकर उद्योग तक सबको उठाना पड़ेगा।

