CG BUDGET 2026 : Chhattisgarh budget will come on February 24, know what the Finance Minister said…
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में रखा जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस बार का बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता विकास को गति देने और जनहितकारी योजनाओं को मजबूत करने की है।
सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें होंगी। पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। इस दौरान सरकार आय-व्यय का पूरा ब्योरा पेश करेगी और विकास कार्यों पर चर्चा होगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल पर जोर
सूत्रों के मुताबिक बजट 2026-27 में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर खास फोकस रहेगा। छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदान और रिंग रोड के लिए प्रावधान किए जा सकते हैं। नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की भी तैयारी है।
नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर, दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम और दुर्ग की पहली बटालियन के इंडोर स्टेडियम के लंबित कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है। सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए भी बजट में राशि रखी जाएगी।
रिंग रोड और लाइब्रेरी योजना
प्रदेश के बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपए का प्रावधान संभव है। साथ ही जिन जिलों में नालंदा लाइब्रेरी नहीं बनी है, वहां इसके लिए बजट दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और सोलर योजनाएं
पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान भारत योजना के लिए लगभग दो हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किए जाने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि इस बार गैर-जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती कर फोकस्ड डेवलपमेंट पर जोर दिया जाएगा। अब सबकी नजर 24 फरवरी पर है, जब सदन में सरकार की प्राथमिकताओं की पूरी तस्वीर साफ होगी।

