CG DHAN KHARIDI: रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। धान खरीदी के पांचवें दिन 19 नवंबर को किसानों से 7 लाख 11 हजार 335 क्विंटल धान खरीदा गया। यह आंकड़ा बीते चार दिनों में हुई कुल खरीदी के लगभग बराबर है। 15 से 19 नवंबर के बीच राज्य में कुल 14 लाख 54 हजार 451 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। इसके लिए मार्कफेड ने अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि सरकार ने धान का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पहले ही मार्कफेड को 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी दे रखी है।
किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सभी खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।
बाहरी राज्यों से धान की आवक रोकने और गड़बड़ियों से बचाव के लिए चेकपोस्ट पर चौकसी बढ़ाई गई है। अब तक अवैध धान परिवहन के 373 मामले दर्ज हुए हैं और 25,567 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
खाद्य विभाग के अनुसार 19 नवंबर को राज्यभर के सभी उपार्जन केंद्रों में कुल 7,11,353 क्विंटल धान खरीदा गया। मैदानी जिलों में धान की आवक तेज रही। प्रमुख जिलों का खरीदी आंकड़ा इस प्रकार है—
बालोद: 1,44,468 क्विंटल
बेमेतरा: 1,86,972 क्विंटल
दुर्ग: 1,33,514 क्विंटल
कवर्धा: 58,958 क्विंटल
राजनांदगांव: 1,60,247 क्विंटल
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: 90,416 क्विंटल
बलौदाबाजार-भाटापारा: 1,18,565 क्विंटल
धमतरी: 1,55,275 क्विंटल
गरियाबंद: 64,090 क्विंटल
महासमुंद: 60,883 क्विंटल
रायपुर: 1,52,850 क्विंटल
किसानों ने बताया कि धान खरीदी के लिए शुरू की गई टोकन तुंहर ऐप की ऑनलाइन व्यवस्था से प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। खरीफ विपणन सीजन 2025–26 के लिए राज्य में 26.50 लाख किसान पंजीकृत हैं और कुल पंजीकृत रकबा 29.27 लाख हेक्टेयर है।

