CG AUTOMOBILE: RADA Executive Council formed at the meeting!
CG AUTOMOBILE: रायपुर मेंऑटोमोबाइल व्यापार को एक नई दिशा और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के दृढ़ संकल्प के साथ, रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) की भव्य वार्षिक आम बैठक (एजीएम) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक बैठक में सर्वसम्मति से कैलाश खेमानी को राडा का नया अध्यक्ष चुना गया। नेतृत्व के इस नए अध्याय की शुरुआत के साथ ही, व्यापार में अगली पीढ़ी के उचित मार्गदर्शन के लिए अनुभवी पूर्व अध्यक्षों को मिलाकर एक नवगठित ‘कार्यकारी परिषद’ (राडा एग्जीक्यूटिव काउंसिल) की घोषणा भी की गई। नई ऊर्जा, नए विजन और कलेक्टिव ग्रोथ की इस मजबूत नींव के साथ, राडा ने व्यापार के विस्तार, कौशल विकास और नई पीढ़ी को सशक्त बनाने का एक स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप तैयार किया है।
व्यापार में अनुभव के हस्तांतरण और कलेक्टिव ग्रोथ के लिए गठित इस विशेष ‘एग्जीक्यूटिव काउंसिल’ में राडा के अनुभवी पूर्व अध्यक्षों को शामिल किया गया है, जिनमें शशांक शाह, अनिल अग्रवाल, अमर परवानी, मनीष राज सिंघानिया, जयेश पिथालिया , विवेक गर्ग और रविंदर भसीन शामिल हैं। इस नवनिर्मित कार्यकारी परिषद के सदस्यों ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा, “हम राडा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैलाश खेमानी और उनकी पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। हमारा उद्देश्य इस मंच को इतना सशक्त बनाना है कि यह व्यापार के सामूहिक विकास के लिए निरंतर कार्य करे। हमें पूर्ण विश्वास है कि नए नेतृत्व में राडा ऑटोमोबाइल व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और हम सभी अपने अनुभवों से इस विकास यात्रा में पूरी तरह से सहयोग करेंगे।”
इस आम बैठक में नई कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा की गई। नई टीम का नेतृत्व अध्यक्ष के रूप में कैलाश खेमानी करेंगे, जबकि उपाध्यक्ष का दायित्व विवेक अग्रवाल को सौंपा गया है। मुकेश सिंघानिया सचिव के रूप में और अभिनव ऋषि कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। इनके अलावा राडा बोर्ड के अन्य सम्मानित सदस्यों में रविंदर भसीन, विवेक गर्ग, शरद गोयल, प्रशांत मंधान, सूरज परवानी, ऋषि राज सिंघानिया, सुरेंदर आहूजा, पुनीत परवानी, विकास मथानी, मनीष अग्रवाल, रजत छाबड़ा और यशवंत अग्रवाल शामिल हैं।
इस वर्ष की वार्षिक आम बैठक में राडा परिवार को विस्तार देते हुए 12 नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके साथ ही, संगठन के प्रति सदस्यों के समर्पण और उत्कृष्ट प्रयासों को पहचानने की अपनी परंपरा को निभाते हुए, राडा द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले ‘राडा मेंबर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार की घोषणा की गई। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान विकास मथानी और विंशु अग्रवाल को उनकी सक्रियता, निरंतर सहयोग और एसोसिएशन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
