CG MISSING CASE : Mother goes missing with 3 children while going to her parents’ home
बिलासपुर, 8 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद गंभीर और रहस्यमयी मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले के पांडा तराई की रहने वाली पुष्प नंदिनी कार्णिक अपने तीन मासूम बच्चों के साथ बीते सात दिनों से लापता है। हैरानी की बात यह है कि अब तक पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के मुताबिक, पुष्प नंदिनी अपने मायके बिलासपुर आने के लिए घर से निकली थीं। परिजनों का कहना है कि घर से निकलते समय उन्होंने किसी तरह की परेशानी या तनाव की बात नहीं कही थी। लेकिन तय समय पर मायके नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई।
महिला के पति राजेंद्र कार्णिक ने बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खुद तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब पुलिस में शिकायत की गई। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है।
परिजनों का कहना है कि महिला के पास न ज्यादा पैसे थे और न कोई कीमती सामान, ऐसे में अचानक गायब होना कई सवाल खड़े करता है। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। तीन बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहराती जा रही है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से तत्काल सर्च ऑपरेशन, मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग और सीसीटीवी फुटेज खंगालने जैसी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
परिवार की एक ही मांग है मां और बच्चों को सुरक्षित घर वापस लाया जाए।

