CG NAXAL SURRENDER : 30 Naxalites surrender, those carrying a bounty of Rs 85 lakh surrender their weapons.
बीजापुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास के बीच बस्तर से बड़ी खबर सामने आई है। सुकमा में 21 नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद अब बीजापुर में 30 माओवादियों ने हथियार डाल दिए हैं। खास बात यह है कि इन सभी पर मिलाकर करीब 85 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
सरकार की “नियद नेल्लानार” और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एक डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) समेत 30 माओवादियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। इनमें 20 महिला और 10 पुरुष नक्सली शामिल हैं। ये सभी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट और आगजनी जैसी कई बड़ी वारदातों में सक्रिय रहे थे।
सीआरपीएफ डीआईजी देवेन्द्र सिंह नेगी, एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण हुआ। सरेंडर करने वाले प्रत्येक नक्सली को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई।
आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2024 से अब तक 918 माओवादी सरेंडर कर चुके हैं। वहीं 2025 में अब तक 1163 की गिरफ्तारी और 231 नक्सली अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। लगातार हो रहे सरेंडर को सुरक्षा एजेंसियां बड़ी सफलता मान रही हैं और इसे बस्तर में बदलते माहौल का संकेत बता रही हैं।

