CG BREAKING : Deputy Collector suspended after allegations by female constable
बालोद। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को एक महिला आरक्षक द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। मामला कुछ माह पहले बालोद जिले के डौंडी थाने में दर्ज हुआ था, जहां महिला ने शादी का झांसा देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, जबरन गर्भपात कराने और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए थे।
मुख्य सचिव को 12 बिंदुओं में शिकायत
महिला आरक्षक ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को 12 बिंदुओं में विस्तृत शिकायत भेजी है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा डिप्टी कलेक्टर को संरक्षण दिया गया और नियमों के विरुद्ध अवकाश स्वीकृत किए गए। महिला ने अपने आरोपों के समर्थन में दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।
2017 से शुरू हुआ संबंध
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2017 में जब महिला डौंडी स्थित आईटीआई में पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान दिलीप उइके से परिचय हुआ। यह परिचय धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। महिला का आरोप है कि शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए गए।
मार्च 2017 में पहली बार गर्भवती होने पर शादी को टालते हुए जबरन दवा देकर गर्भपात कराया गया। बाद में अगस्त 2017 में महिला की पुलिस विभाग में नौकरी लग गई।
महिला का दावा है कि उसने दिलीप की पढ़ाई और कोचिंग के लिए हर माह 4–5 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए।
PSC में चयन के बाद बदला व्यवहार
वर्ष 2020 में पीएससी परीक्षा में चयन के बाद दिलीप उइके डिप्टी कलेक्टर बने और बीजापुर में पदस्थ हुए। महिला का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद भी शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाए जाते रहे, लेकिन विवाह नहीं किया गया।
तीन बार जबरन गर्भपात का आरोप
जनवरी 2025 : महिला के अनुसार, बीजापुर स्थित सरकारी आवास में रहने के दौरान गर्भवती होने पर जबरन दवा देकर गर्भपात कराया गया।
फरवरी–मार्च 2025 : महिला ने बैंक से लोन लेकर 3,30,000 रुपये ट्रांसफर किए।
15 मई 2025 : तीसरी बार गर्भवती होने पर भी गर्भपात की दवा देने का आरोप।
इसके अलावा महिला ने आरोप लगाया कि फरवरी 2023 में उसके नाम पर एक कार खरीदी गई, जिसे बाद में राशि ट्रांसफर कर अपने नाम करा लिया गया।
FIR दर्ज, निलंबन की कार्रवाई
महिला की शिकायत पर डौंडी थाने में FIR दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को निलंबित कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

