मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद पहली बार आतिशी का बयान आया सामने, कहा – ‘मुझे बधाई न दें, आज मैं बेहद दुखी हूं…

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) पार्टी दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। आप विधायकों की बैठक में आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है।मुख्यमंत्री नियुक्त होने के बाद आतिशी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। आतिशी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने पर कोई उन्हें बधाई न दे। यह दुख की घड़ी है कि अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है।
उन्होंने मुझ पर भरोसा करके जिम्मेदारी दी: आतिशी
उन्होंने कहा, ” मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने मुझ पर भरोसा करके जिम्मेदारी दी है। यह सिर्फ आम आदमी पार्टी में हो सकता है। मैं एक सामान्य परिवार से आती हूं। अरविंद केजरीवाल ने मुझे विधायक बनाया और फिर मुझे मंत्री बनाया। इसके बाद आज दिल्ली का मुख्यमंत्री बना दिया।”
केजरीवाल फिर बनेंगे सीएम
आतिशी ने कहा, “केजरीवाल के मार्गदर्शन में सरकार चलाऊंगी। केजरीवाल की गिरफ्तारी गलत है। बीजेपी ने ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल कर उन्हें आबकारी मामले में फंसाया। दिल्लीवाले अरविंद केजरीवाल को ही मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं। दिल्ली में जल्द चुनाव होंगे और लोग केजरीवाल को फिर से जिताएंगे।”
भाजपा ने केजरीवाल पर लगाए झूठे आरोप
इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने और मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं अपने नेता और राजनीतिक गुरु @ArvindKejriwal जी का धन्यवाद करती हूं।
मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को विधायक, मंत्री और अब मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलना केवल आम आदमी पार्टी में ही संभव है।
आज इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने… pic.twitter.com/HJBIqARrTE
— AAP (@AamAadmiParty) September 17, 2024
उन्होंने कहा, “भाजपा ने पिछले दो साल में अरविंद केजरीवाल को परेशान करने के लिए षड्यंत्र रचा। भाजपा ने केजरीवाल पर झूठे भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अपनी एजेंसी ईडी-सीबाआई को केजरीवाल के पीछे लगा दिया। वह करीब छह महीने तक जेल में रहे। सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ उनको जमानत नहीं दी बल्कि अदालत ने केंद्र सरकार और एजेंसियों के चेहरे पर तमाचा मारा। अगर केजरीवाल की जगह कोई और नेता होता तो इस्तीफा दे देता, लेकिन केजरीवाल ने ऐसा नहीं किया।”