CG SUICIDE CASE : Young man commits suicide, blames 3 youths in video
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने 1 मिनट 22 सेकंड का वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर तीन युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय परम तिवारी, निवासी बौरीपारा, के रूप में हुई है। परम का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है।
क्या हुआ था विवाद?
5 दिसंबर की शाम परम तिवारी जिम गया था। जिम से बाहर निकलते समय वह अपने दोस्त राजेश और एक अन्य परिचित युवक के साथ आगे बढ़ा। इसी दौरान अग्रसेन चौक पर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। बाद में सभी वहां से हटकर घर चले गए।
कुछ देर बाद विवाद करने वाले तीन युवक परम के घर पहुंच गए और उसके पिता व भाई के साथ गाली-गलौज कर धमकाने लगे। इससे तनाव में आकर परम ने खुदकुशी कर ली।
मरने से पहले वीडियो में क्या कहा परम ने?
वीडियो में परम ने कहा “यदि मुझे कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार महुआपारा निवासी छोटू पंडित उर्फ छोटू मिश्रा, बुद्धि पंडित और विक्रांत उर्फ प्रांजल मिश्रा होंगे। ये लोग मेरे परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं और मुझे व मेरे भाई को मारने की धमकी दे रहे हैं।”
पुलिस कर रही जांच
CSP राहुल बंसल ने बताया कि युवक के बयान वाले वायरल वीडियो को आधार बनाकर जांच की जा रही है। तीनों संदिग्ध युवकों से पूछताछ जारी है। साथ ही मृतक के दोस्तों और परिवार के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

