IMPACT OF AI : IT shares crash, Sensex-Nifty under pressure…
मुंबई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बढ़ते दावों और टेक सेक्टर पर मंडराते खतरे ने ग्लोबल मार्केट में हलचल मचा दी है। असर अमेरिका से एशिया होते हुए भारतीय शेयर बाजार तक साफ दिख रहा है। शुक्रवार सुबह आईटी शेयरों में तेज बिकवाली के चलते बाजार लाल निशान में कारोबार करता नजर आया।
सुबह 10:45 बजे तक सेंसेक्स 739.44 अंक यानी 0.89% गिरकर 82,932.25 पर और निफ्टी 241.45 अंक यानी 0.94% टूटकर 25,598.10 पर कारोबार कर रहा था। बीएसई के टॉप 30 में से 27 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव रहा TCS, Infosys, Tech Mahindra और Wipro जैसे दिग्गज शेयरों में करीब 6% तक की गिरावट देखी गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी करीब 1.40% टूटे।
अमेरिकी बाजार में भी दबाव
गुरुवार देर रात अमेरिकी बाजारों में भी भारी गिरावट दर्ज हुई। डॉऊ जोंस 669.42 अंक (1.34%) गिरकर 49,451.98 पर बंद हुआ। नैसडैक 469.32 अंक (2.03%) टूटकर 22,597.15 पर और S&P 500 इंडेक्स 108.71 अंक (1.57%) गिरकर 6,832.76 पर बंद हुआ। टेक शेयरों का इंडेक्स नैसडैक 2% से ज्यादा गिरा, जिसका सीधा असर एशियाई और भारतीय बाजारों पर पड़ा।
सोना-चांदी में यू-टर्न
जहां शेयर बाजार दबाव में है, वहीं सोना और चांदी में रिकवरी देखने को मिली है। गुरुवार को भारी गिरावट के बाद सोना करीब 6,000 रुपये गिरकर 1.52 लाख रुपये पर आ गया था, लेकिन अब करीब 2,000 रुपये चढ़कर 1.55 लाख रुपये के आसपास पहुंच गया है। चांदी भी 6,000 रुपये से ज्यादा उछलकर 2.42 लाख रुपये के करीब कारोबार कर रही है। हालांकि गोल्ड और सिल्वर ETF में अब भी 6% तक की गिरावट बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गिरावट
अमेरिका में मजबूत बेरोजगारी आंकड़ों और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर होने के बाद COMEX/स्पॉट मार्केट में सोना 2.3–2.8% गिरकर करीब 4,940–4,980 डॉलर प्रति औंस और चांदी 8.8% टूटकर 75–76 डॉलर पर आ गई थी।
क्यों दबाव में है बाजार?
विश्लेषकों का मानना है कि AI कंपनियों के तेजी से उभरने और पारंपरिक आईटी मॉडल को चुनौती देने वाले दावों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। अगर एआई कम लागत और कम समय में काम पूरा कर सकता है, तो आउटसोर्सिंग आधारित आईटी कंपनियों की कमाई पर असर पड़ सकता है। यही वजह है कि निवेशक आईटी शेयरों से दूरी बना रहे हैं, जिससे बाजार पर दबाव बना हुआ है।

