Trending Nowशहर एवं राज्य

नये बस स्टैंड में शिफ्टिंग के बाद यात्रियों की बढ़ी परेशानी, शहर के सभी रूटो पर सिटी बसें फिर शुरू करने की तैयारी

रायपुर। रायपुर के नए बस टर्मिनल भाठागांव से शहर के सभी रूटों में सिटी बस चलाने के लिए जिला व नगर निगम प्रशासन योजना बना रहा है। दरअसल पंडरी से भाठागांव नया बस स्टैंड में शिफ्टिंग के बाद शहर में यातायात का दबाव तो कम हो गया, लेकिन यात्रियों को भाठागांव तक पहुंचाने केवल आटो, ई-रिक्शा की सुविधा होने से दिक्कतें होने लगी हैं। आटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे है। लिहाजा प्रशासन बंद सिटी बसों को चलाने आपरेटरों की किराया वृद्वि, टैक्स में छूट समेत अन्य मांगों को जल्द से जल्द पूरा कराने की कोशिश करा रहा है। बुधवार को मोवा, पंडरी, शंकरनगर, तेलीबांधा, अवंति विहार, राजेंद्र नगर, देवपुरी, सेजबहार,डूंडा, बोरियाखुर्द, आमानाका, खमतराई, गुढिय़ारी आदि इलाके के यात्री आटो व ई रिक्शा से भाठागांव पहुंचे। रेलवे स्टेशन, पंडऱी से नए बस स्टैंड ले जाने के लिए प्रत्येक यात्री से 40-50 रुपये और निजी में दो से तीन सौ रुपये तक आटो चालक वसूल रहे है। सिटी बस नहीं चलने से आटो एकमात्र विकल्प है। पहले यात्रियों को रेलवे स्टेशन से पंडरी आने में मात्र दस रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब भाठागांव जाने के लिए चार से पांच गुना पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

परेशान रहे नौकरी पेशा

बलौदाबाजार मार्ग से लगे गांवों के स्कूलों, फैक्ट्री आदि में शहर से रोज सैकड़ों लोग सुबह के समय सिटी बस, स्थानीय यात्री बस से आते-जाते थे। कम किराया में वे अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच जाते थे, लेकिन सिटी बस बंद होने से रोज अधिक पैसे खर्च कर जाने को विवश हैं। विधानसभा-बलौदाबाजार रोड पर ऐसा ही नजारा बुधवार को देखने को मिला। सुबह के समय सिटी बस नहीं चलने से से सैकड़ों लोग परेशान रहे।

शहर भर में शुरू हो सिटी बस: नेता प्रतिपक्ष

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि प्रशासन ने भाठागांव नया बस स्टैंड तो शुरू करा दिया, लेकिन यहां लोग कैसे पहुंचेंगे और वहां से कैसे अपने घर जाएंगे, इसका कोई बंदोबस्त नहीं किया गया। नए बस स्टैंड तक आने-जाने के लिए शहर भर से सिटी बस संचालन शुरू कराया जाना चाहिए। यह नगर निगम का कार्य है कि यात्रियों को सुविधा दे।

आटो स्टैंड में डेढ़ सौ से अधिक आटो व ई-रिक्शा

नए बस स्टैंड की खाली जगह पर आटो स्टैंड बनाया गया है। यहां एक साथ डेढ़ सौ आटो और ई-रिक्शा खड़ी की जा सकती है। इसके अलावा समीप ही नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने सड़क किनारे भी आटो की पार्किंग बनाई गई है। यहां एक साथ सौ आटो खड़ी करने की व्यवस्था है।

इन क्षेत्रों से हो सिटी बसों का संचालन

शहर सेजबहार, डूंडा, संतोषीनगर, रायुपरा, महादेवघाट, टाटीबंध, सरोना, देवपुरी, माना, तेलीबांधा, पंडरी, मोवा, खमतराई, भनपुरी, पुरानी बस्ती, जीई रोड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य मुख्य मार्गो पर सिटी बसों का संचालन आवश्यक हो गया है। यहां से नए बस टर्मिनल आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका फायदा उठाकर आटो और रिक्शा चालकों ने लोगों से मनमाना किराया वसूला।

विधानसभा रोड से भाठागांव तक के लिए वसूला 350 रुपये किराया

बलौदाबाजार जिले के अमेरा गांव से सपरिवार बस से विधानसभा रोड और फिर वहां से आटो रिक्शा से भाठागांव पहुंचे श्रमिक संजय रात्रे, संतोष नंदन ने बताया कि सिटी बस नहीं मिलने के कारण आटो रिक्शा में 350 रुपये देकर भाठागांव तक आए है। यहां से महाराष्ट्र के देवरी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे है। पैसे कम होने के कारण परिवार के बाकी लोग पैसे का इंतजाम करने गए है। गांव में कामकाज नहीं होने से दूसरे प्रदेश जाकर काम करना पड़ता है।

प्रशासन ने गिनाए ये कारण

कलेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर सिटी बस आपरेटरों की मांग पूरा करने की पहल की जा रही है। भाठागांव बस स्टैंड में हर वह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जो पंडरी में थी। शुरूआत में कई दिक्कतें आ रही है, इसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। बलौदाबाजार मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल पांच सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया है। एक-दो दिनों में अन्य मार्गों पर भी सिटी बस दौडऩे लगेगी। बतादें कि राज्य स्तर पर बसों को चलाने के लिए सरकार ने संचालकों की बात मानकर किराया बढ़ाया है वहीं अभी स्कूल बसों के लिए भी संचालकों को कुछ रियायत दी गई है।

सिटी बस आपरेटरों की यह है मांग

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के कारण सिटी बस आपरेटर 53 फीसद किराया वृद्धि की मांग कर रहे है। निगम प्रशासन इसके लिए शासन को पत्र लिखा है। अब उन्हें शासन के आदेश का इंतजार है। सिटी बस आपरेटरों का कहना है कि शासन जब तक टैक्स, किराया वृद्धि, नगर निगम की रायल्टी, बीमा और बैटरी लगाने के लिए 50 प्रतिशत खर्च वहन नहीं करेगी तब तक सिटी बस का परिचालन नहीं हो पाएगा। बता दें कि कोरोना के पहले रायपुर निगम द्वारा 170 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा था। लाकडाउन के दौरान बसें डिपो में खड़ी रही जिसके चलते बसों के टायर, बैटरी, आयल, वायरिंग सब खराब हो चुके है। यात्रियों के साथ बस आपरेटरों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए भाठागांव बस स्टैंड में सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सिटी बसों का संचालन शहर भर के सभी रूटों पर जल्द शुरू कराया जाएगा।

Share This: