बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले के करही गांव निवासी प्रवासी मजदूर राम नारायण बघेल की केरल में हुई क्रूर मॉब लिंचिंग के विरोध में बिलासपुर के लायंस भवन में प्रवासी मजदूर संगठनों के मोर्चा, पीएमएसएम सहित विभिन्न नागरिक समाज संगठनों एवं जन चेतना भारत (जेसीबी) पार्टी द्वारा एक जोरदार आक्रोश-प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि 17 दिसंबर 2025 को केरल के पलक्कड़ जिले के वालायार (अट्टापल्लम) क्षेत्र में राम नारायण बघेल को बांग्लादेशी घुसपैठिया समझकर स्थानीय भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर 80 से अधिक गंभीर चोटें और पसलियों के टूटने की पुष्टि हुई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
सभा में प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नफरत फैलाने वाली अफवाहों पर सख्त कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई। देश-प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीयूसीएल के राष्ट्रीय सचिव भंवर मेघवंशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए देश में बढ़ती भीड़ हिंसा पर चिंता जताई और सामाजिक चेतना मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता लखन सुबोध ने की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में जन चेतना भारत (जेसीबी) पार्टी प्रमुख जसबीर सिंह चावला ने अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया।
सभा के अंत में सभी उपस्थितजनों ने मृतक के परिवार को न्याय, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की एकजुट मांग की।

