नई दिल्ली। भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के खिताब पर कब्जा कर लिया है। यश धुल की कप्तानी में भारतीय टीम (Indian team) पांचवीं बार विजेता बनी है। खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड (England) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड 189 रन बनाए थे और भारत को 190 रनों का लक्ष्य दिया। टीम इंडिया ने 47.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर 195 रन बना लिए और अंडर-19 वर्ल्ड कप को अपने नाम कर लिया।
टीम इंडिया के दिनेश बाना ने छक्का जड़कर भारत को विश्व विजेता बना दिया (made india world champion)। ये बिल्कुल वैसा ही है, जैसे साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने छक्का जड़ भारत को 50 ओवर के विश्व कप में विजेता बनाया था।
भारत के हरफनमौला राज बावा (All-rounder Raj Bawa) ने कमाल की गेंदबाजी की थी। उन्होंने पांच विकेट अपने नाम किए थे। राज बावा ने 9.5 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए थे। अंडर-19 विश्व कप फाइनल में यह किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे पहले पीयुष चावला (Piyush Chawla) ने 2006 में आठ रन देकर चार विकेट लिए थे।
इंग्लैंड (England ) के लिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सही साबित नहीं हुआ था। भारतीय टीम ने शुरू से ही इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा। 50 रन के भीतर ही इंग्लैंड की आधी टीम आउट हो चुकी थी। इंग्लैंड (England ) की ओर से सिर्फ जेम्स रियू (james rue) ही एक मोर्चा संभाल पाए और उन्होंने 95 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। राज बावा ने पांच विकेट लिए, जबकि रवि कुमार ने 4 विकेट अपने नाम किया।
भारत को जीत के लिए सिर्फ 190 रनों का टारगेट मिला। लेकिन टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत का पहला विकेट दूसरी बॉल पर ही गिर गया था, लेकिन उसके बाद हरनूर सिंह और शेख रशीद (Harnoor Singh and Sheikh Rashid) ने संभलकर बल्लेबाजी की। इसके बाद टीम इंडिया को 95 और 97 के स्कोर पर लगातार दो झटके लगे। लेकिन अंत में निशांत सिद्धू, राज बावा और फिर दिनेश बाना के शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया वर्ल्ड चैम्पियन बन गई। दिनेश बाना ने छक्का जड़कर भारत को वर्ल्ड चैम्पियन बनाया।
इस तरह यश धुल भी भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने वाले कप्तानों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) (2000), विराट कोहली (Virat Kohli) (2008), उन्मुक्त चंद (Unmukt Chand) (2012) और पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) (2018) की कप्तानी में भारत ने विश्व कप जीता था। इसके अलावा रविकांत शुक्ला (Ravikant Shukla) (2006), ईशान किशन (Ishaan Kishan) (2016) और प्रियम गर्ग (Priyam Garg) (2020) की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी।
अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) (BCCI) 40 लाख रुपये का इनाम देगा। वहीं, हर एक सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये मिलेंगे। इस टूर्नामेंट में ऋषिकेश कानितकर भारतीय टीम के हेड कोच रहे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा- मुझे यह इनाम देते हुए बेहद खुशी हो रही है। फाइनल में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। आपने भारत को गर्व महसूस करने का मौका दिया है।

