Trending Nowशहर एवं राज्य

सीएम हाउस के पास धरने पर बैठे दिग्गी राजा, कमलनाथ भी साथ

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद दिग्विजय सिंह धरने पर (Digvijay Singh on protest) बैठ गए। आज मुख्यमंत्री निवास के पास वे कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करने लगे। हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सीएम हाउस से एक किलोमीटर पहले ही सबको रोक दिया। दिग्गी के धरने पर बैठने की वजह समय है।

दरअसल दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) से मिलने का समय मांगा था। दिग्गी के मुताबिक उनके पास फोन आया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें 23 जनवरी दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है। पहले उन्होंने समय दिया, फिर मना कर दिया और फिर समय दे दिया। दिग्गी ने कहा कि सीएम लिखकर बताएं कि उन्होंने आखिर उन्हें क्या समय दिया है? इस धरने में पूर्व सीएम कमलनाथ भी पहुंचे थे। दिग्विजय ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के पास ना तो किसानों से मिलने का समय है और ना ही एक पूर्व मुख्यमंत्री से। इसी बात को लेकर दिग्विजय सिंह धरने पर बैठ गए (Digvijay Singh on protest)।

धरनास्थल पर गाया भजन

दिग्विजय सिंह के साथ धरना देने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने सीएम हाउस के पास भजन गाया। ढोल-मंजीरे के साथ नेताओं ने रघुपति राघव राजा राम गाया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने सीएम के खिलाफ नारेबाजी भी की। साथ ही राजा साहब संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं जैसे नारे लगाए।


दिग्गी का आरोप

दिग्विजय सिंह ने सीएम पर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास बांध से विस्थापित हुए किसानों से मिलने का समय नहीं है। उनके पास भूतपूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद से मिलने का समय नहीं है। डेढ़ महीने बाद उनके कार्यालय ने मुझे 21 जनवरी सुबह 11.15 बजे मिलने का समय दिया। फिर सूचना आई कि वे मुझसे नहीं मिलेंगे, क्योंकि वे व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अब तो मैं उनके घर के सामने सुबह सवा 11 बजे धरने पर बैठूंगा। गिरफ्तार करना है, गिरफ्तार कर लीजिए। शिवराज सिंह जी।

कम मुआवजे का विरोध कर रहे पीड़ित

राजगढ़ की सुठालिया, भोपाल और विदिशा जिले की सीमा टेम सिंचाई परियोजना (Tame Irrigation Project) से डूब में आने वाले गांव और विस्थापितों के मुआवजा को लेकर सियासत होने लगी है। दोनों परियोजना से करीब 5 हजार हेक्टेयर से ज्यादा जमीन डूबान क्षेत्र में आ रही है। इससे डेढ़ हजार से ज्यादा परिवार विस्थापित होंगे। सरकार इन्हें कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार मुआवजा दे रही है। प्रभावित इसे कम बताकर विरोध कर रहे हैं। इनके समर्थन में दिग्विजय सिंह भी आ गए हैं।

advt_001_feb2025
advt1_jan2025
advt_002_feb2025
Share This: