फिल्म ‘रंग दे बसंती’ सहित कई हिंदी और साउथ की फिल्मों में काम कर चुके जाने माने अभिनेता सिद्धार्थ ने आखिरकार बैडमिंटन स्टार और भाजपा नेत्री साइना नेहवाल (Saina Nehwal) से आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में माफी मांग ली है। गौरतलब है कि अभिनेता सिद्धार्थ के एक आपत्तिजनक ट्वीट के बाद महिला आयोग ने संज्ञान लिया था। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा था कि सिद्धार्थ ने लगातार नारी विरोधी और उनकी गरिमा को चोट पहुंचाने वाली टिप्पणी की है। विवाद में फंसने के बाद सिद्धार्थ ने कहा है कि उनके ट्वीट में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं था, लेकिन अब सिद्धार्थ ने अपनी की गई टिप्पणी के लिए साइना से माफी मांगी है।
सिद्धार्थ ने खुले पत्र में लिखी ये बात
सिद्धार्थ ने अपने खुले पत्र में लिखा है, ‘प्रिय साइना, कुछ दिन पहले आपके ट्वीट के जवाब में मैंने जो मजाक लिखा था, उसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं. मैं आपसे कई बातों पर असहमत हो सकता हूं लेकिन जब मैं आपका ट्वीट पढ़ता हूं तो मेरी निराशा या गुस्सा भी मेरे लहजे और शब्दों को सही नहीं ठहरा सकता। मैं जानता हूं कि मुझमें इससे कहीं ज्यादा ग्रेस है और जहां तक मजाक का सवाल है, अगर किसी मजाक को समझाने की जरूरत है, तो शुरुआत में ये अच्छा मजाक नहीं था, इस मजाक के लिए मुझे खेद है, जो ठीक से मैं समझा नहीं पाया।
गौरतलब है कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के ख्यात अभिनेता सिद्धार्थ अपने एक ट्वीट के कारण विवादों में घिर गए थे। सिद्धार्थ ने साइना नेहवाल पर आपत्तिजनक कमेंट किया था, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही थी। कई यूजर्स ने तो गुस्से में सिद्धार्थ को फ्लॉप एक्टर तक कह दिया। दरअसल हाल ही में साइना नेहवाल ने प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक पर एक ट्वीट किया था और इसमें लिखा था कि कोई भी देश खुद को सुरक्षित होने का दावा नहीं कर सकता अगर अपने ही प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता किया जाए। साइना ने लिखा कि मैं अराजकतावादियों द्वारा पीएम मोदी पर कायरतापूर्ण हमले की निंदा करती हूं। इस पर अभिनेता सिद्धार्थ ने लिखा- *** दुनिया के चैंपियन… भगवान का शुक्र है कि हमारे पास भारत के रक्षक हैं।

