CG Congress: Congress launches statewide protest against Gyanesh Kumar!
CG CONGRESS: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया।
रायपुर में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान पुतले भी जलाए गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने काले गुब्बारे भी उड़ाए। इसके बाद कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की गई।
कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष और आम मतदाताओं के बीच सवाल खड़े हुए हैं।
रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। पुलिस ने कलेक्ट्रेट से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोका।
इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की।
आयोग ने हालिया स्पष्टीकरण में कहा है कि एसआईआर से जुड़े फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सामूहिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं। इसलिए कांग्रेस के आरोपों और चुनाव आयोग के आधिकारिक पक्ष को अलग-अलग संदर्भ में देखा जाना जरूरी है।
