RAIPUR RAILWAY STATION: Raipur Railway Division collected over ₹78,000 in fines!
RAIPUR RAILWAY STATION: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में मंगलवार को टिकट जांच अभियान के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर 121 यात्री बिना टिकट, गलत टिकट या बिना बुकिंग सामान के साथ यात्रा करते मिले। इन मामलों में कुल 78,875 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे के अनुसार अभियान रेलवे मजिस्ट्रेट मयंक सोनी की मौजूदगी में चलाया गया। इसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) अविनाश कुमार आनंद, टिकट जांच स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम शामिल रही।
जांच के दौरान दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287), विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस (18518), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) और जनशताब्दी एक्सप्रेस (12069) में टिकटों की जांच की गई।
किस मामले में कितनी कार्रवाई
बिना टिकट यात्रा: 68 मामले, ₹54,365 जुर्माना
अनियमित टिकट: 33 मामले, ₹22,310 जुर्माना
बिना बुकिंग सामान: 20 मामले, ₹2,200 जुर्माना
इन तीनों श्रेणियों में कुल 121 मामले सामने आए, जिनसे ₹78,875 का राजस्व वसूला गया।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले वैध टिकट खरीदने, स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेने और सामान के लिए निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
