Speaking at the farewell for Rajya Sabha MPs, PM Modi said: “There is no full stop in politics.”
नई दिल्ली : राज्यसभा और लोकसभा, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही चल रही है। संसद के उच्च सदन राज्यसभा से 37 सांसदों की आज विदाई हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में वरिष्ठ सांसदों के लिए विदाई भाषण देते हुए कहा कि पुरानी पीढ़ी के नेताओं का अनुभव लोकतांत्रिक व्यवस्था की अमूल्य पूंजी है और नए सांसदों को उनसे सीखने का हर अवसर इस्तेमाल करना चाहिए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति ऐसा फील्ड है जहां कभी फुल स्टॉप नहीं होता।
राजनीति में कोई अंत नहीं होता
राज्यसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती है और प्रत्येक सदस्य की इसमें एक अनूठी भूमिका होती है। ऐसे क्षणों में, दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी सम्मान की भावना उत्पन्न होती है। अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सदन छोड़ रहे नेताओं से मैं कहना चाहता हूं कि राजनीति में कोई अंत नहीं होता।
आधे से ज्यादा जीवन संसद को दिया
प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे और शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेताओं ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा संसदीय कार्य में बिताया है। उन्होंने कहा, ‘इतने लंबे अनुभव के बाद भी, सभी नए सांसदों को उनसे सीखना चाहिए। समर्पित भाव से सदन में आना, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना। ये सब वरिष्ठ नेताओं से प्रेरणा देने वाली बातें हैं। मैं उनके योगदान की सराहना करता हूं।
उपसभापति हरिवंश की कार्यशैली की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद शांत, विनम्र और संयमित तरीके से सदन का संचालन किया। उन्होंने कहा, ‘हरिवंश जी को लंबे समय तक सदन में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। वे सिर्फ कलम के धनी नहीं, बल्कि कर्मठ भी रहे हैं। देश के हर कोने में जाकर उन्होंने अपना काम किया है।

